Spread the love

शिमला। प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को कक्षा और किताबों से आगे सीखने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसके लिए स्कूली बच्चों को देश और विदेश एक्सपोजर विजिट पर भेजा जा रहा है, इससे इनको ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और सामाजिक विरासत को करीब से देखने, समझने और अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। इसी कड़ी में समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के पीएम श्री स्कूलों के 90 बच्चों को लखनऊ और अयोध्या के चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया है।
शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों के पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थी चंडीगढ़ से हवाई यात्रा के माध्यम से लखनऊ पहुंचे। लखनऊ पहुंचने पर बच्चों ने वहां जूलॉजिकल गार्डन और साइंस सिटी का भ्रमण किया। जूलॉजिकल गार्डन में विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्यजीवों को करीब से देखा और जैव विविधता तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। वहीं, साइंस सिटी में विभिन्न मॉडलों और गतिविधियों के माध्यम से उन्हें विज्ञान की अवधारणाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

नवाबी वास्तुकला और विरासत से होंगे रूबरू
लखनऊ प्रवास के दौरान विद्यार्थी रूमी दरवाज़ा और बड़ा इमामबाड़ा का भ्रमण करेंगे। इन ऐतिहासिक स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को लखनऊ की वास्तुकला, नवाबी दौर के इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बच्चे एक स्थानीय पीएम श्री स्कूल का भी भ्रमण करेंगे, जहां वे वहां की शैक्षणिक गतिविधियों, सुविधाओं और कार्यप्रणाली को देखेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में आनंदी मैजिक वर्ल्ड और हस्तशिल्प केंद्र का भ्रमण भी शामिल है। आनंदी मैजिक वर्ल्ड में विद्यार्थी विभिन्न राइड्स और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेंगे, जबकि हस्तशिल्प केंद्र में उन्हें पारंपरिक कला एवं शिल्प को करीब से देखने और उससे जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलेगा।

अयोध्या में राम जन्मभूमि का भी करेंगे भ्रमण
लखनऊ के बाद विद्यार्थी अयोध्या जाएंगे, जहां वे राम जन्मभूमि का भ्रमण करेंगे। अयोध्या की यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। किताबों में पढ़े गए स्थानों और विरासत को प्रत्यक्ष रूप से देखना उनके लिए सीखने का एक अलग और यादगार अनुभव होगा।

तीसरे बैच में 90 विद्यार्थी, कुल 286 बच्चों को मिला अवसर
उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा के तहत हाल ही में पीएम श्री स्कूलों के कुल 286 विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया है। इससे पहले पीएम श्री स्कूलों के दो बैच लखनऊ और अयोध्या का भ्रमण कर चुके हैं। पहले बैच में ऊना, चंबा, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के 84 विद्यार्थी 10 से 13 सितंबर तक एक्सपोजर विजिट पर गए थे। इसके बाद मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिलों के 112 विद्यार्थियों का दूसरा बैच 15 से 18 सितंबर तक इस यात्रा पर गया। अब तीसरे बैच में 90 विद्यार्थी लखनऊ और अयोध्या का भ्रमण कर रहे हैं। इन यात्राओं के माध्यम से विद्यार्थियों को इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, वन्यजीव, कला और शिल्प जैसे विभिन्न क्षेत्रों को प्रत्यक्ष अनुभव के साथ समझने का अवसर मिल रहा है। उम्मीद है कि कक्षा और किताबों से बाहर मिलने वाले ये अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यापक बनाने के साथ उनकी सीख को और अधिक जीवंत एवं समृद्ध बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed