शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। सोमवार को कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलोड़ी जोत में बर्फबारी हुई। समुद्र तल से करीब 10,280 फीट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी जोत में लगभग एक इंच ताजा बर्फ जम गई। बर्फबारी के कारण आनी और निरमंड को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-305 करीब एक घंटे तक बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पर्यटकों को जाम में फंसकर परेशानी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 नवंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही 10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। रविवार रात कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में 0.1, केलांग में 1.2, कल्पा में 3.2, मनाली में 6.2, कुफरी में 7.2, सोलन में 8.4, शिमला में 10.0 और धर्मशाला में 11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
