नई दिल्ली। दिवाली के बाद सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर की हवा की क्वालिटी गंभीर कैटेगरी में पहुंच गई। रविवार रात लोगों ने जमकर पटाखे जलाए, जिसके बाद सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी भी काफी कम रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के पटपडग़ंज में एक्यूआई 418, आईटीओ पर एक्यूआई 406, राजीव चौक पर 381 और साउथ एक्सटेंशन के आसपास के क्षेत्र में एक्यूआई 360 दर्ज किया गया। हालांकि दिवाली के मुख्य समय यानी रविवार शाम से देर रात तक दिल्ली के 59 में से 36 प्रदूषण निगरानी केंद्र बंद रहने का मुद्दा भी सोमवार को छाया रहा। विपक्ष का आरोप है कि प्रदूषण के सही आंकड़े छिपाने के लिए दिल्ली सरकार ने यह सारा प्रपंच किया है।
प्राइवेट एजेंसियों के यंत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि दिवाली की रात दिल्ली में कई जगह एक्यूआई तीन हजार से भी पार पहुंच गया था। उधर, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 10 शहरों में सोमवार को हवा का स्तर खतरनाक रहा। सुबह सात बजे प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ का एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया।
दिवाली की रात जहरीली हुई बद्दी की आबोहवा
हवा में प्रदूषण सामान्य से छह गुना ज्यादा खतरनाक के स्तर तक पहुंचा

हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में दिवाली की रात वायु प्रदूषण के स्तर में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार रात पटाखों की गूंज के बीच हवा में सूक्ष्म प्रदूषक कणों की मात्रा तेजी से बढ़ी और रात नौ बजे पीएम 2.5 का स्तर 358.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया, जबकि इसका सामान्य स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होता है। इसी तरह दिवाली की रात बद्दी में पीएम 10 का स्तर 441.75 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया, जबकि इसका सामान्य स्तर 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होता है। सामान्य शब्दों में कहें तो दिवाली की रात बद्दी में पीएम 2.5 का स्तर सामान्य से छह गुना ज्यादा और पीएम 10 का स्तर सामान्य से चार गुना से ज्यादा पाया गया। शहर में शाम ढलने के साथ ही प्रदूषण का स्तर बढऩा शुरू हो गया था, जो रात के समय काफी अधिक दर्ज किया गया।
दिवाली की रात बढ़े प्रदूषण के बीच अगले दिन सोमवार को भी बद्दी की हवा खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से सोमवार शाम चार बजे जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स बुलेटिन के अनुसार बद्दी का एक्यूआई 206 दर्ज किया गया। उधर, सीपीसीबी की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को बद्दी में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। वायु गुणवत्ता सूचकांक के निर्धारित मानकों के अनुसार 201 से 300 के बीच एक्यूआई को खराब श्रेणी में रखा जाता है। इस श्रेणी में लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों, अस्थमा और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों से पीडि़त लोगों के लिए ऐसी स्थिति स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकती है। बता दें कि बद्दी में दिवाली से पहले ही वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच चुकी थी। सात नवंबर को एक्यूआई 224 दर्ज किया गया था, जबकि चार नवंबर को भी एक्यूआई 211 रहा था। इससे स्पष्ट है कि बद्दी में वायु प्रदूषण केवल त्योहारी रात तक सीमित नहीं है।
