शिमला। दिवाली की रात हिमाचल प्रदेश में करीब 127 जगहों पर हुए आग के तांडव ने लोगों को परेशानी में डाले रखा। आग इन घटनाओं में करीब एक करोड़ एक लाख 89 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल विभाग की मुस्तैदी ने करीब 30.80 करोड़ की संपत्ति को राख होने से बचा लिया। दिवाली की पूरी रात दमकल कर्मी आग की घटनाओं में बचाव कार्य में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि दिवाली की रात अधिकतर जगहों पर पटाखों से आग लगी। दिवाली की रात प्रदेश के 11 जिलों में पेश आई आग की घटनाओं में एक करोड़ एक लाख 89 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

आग से कई जगह मकान, तो कई जगह पर पशुशालाएं जलकर राख हुई हैं। इसके अलावा कई जगहों पर जंगल में आग लगने की घटनाएं पेश आई हैं। दिवाली की रात 35 घर और पशुशालाएं जल गई, इसके अलावा 39 जगह जंगल में आग लगी है। 52 अन्य आग की घटनाएं पेश आई हैं। शिमला जिला में 48 आग की घटना में 38.94 लाख का नुकसान हुआ है, जिसमें 1.83 करोड़ की संपत्ति जलने से बचाई है।

किस जिला में, कितने मामले

शिमला में 48 जगहों पर आग की घटनाएं पेश आईं, जिसमें सात घरों, जंगल में 22 जगहों पर और 18 अन्य आग की घटनाएं पेश आई। सिरमौर जिला में आग की सात घटना, बिलासपुर में आग की छह घटना और मंडी जिला में आग की आठ घटनाएं, कुल्लू जिला में आग की 12 घटनाएं, चंबा जिला में चार, कांगड़ा जिला में 14, हमीरपुर जिला में छह, सोलन जिला में 15 और ऊना जिला में आग की छह घटनाएं पेश आई हैं।

टौणीदेवी के दरकोटी में आतिशबाजी से जला घर

हमीरपुर जिला के टौणीदेवी कस्बे के तहत दरकोटी गांव में आतिशबाजी की एक चिंगारी मकान के अंदर घुसने से भीषण आग लग गई। पीडि़त परिवार की करीब 40 हजार रुपए की नकदी, सोने-चांदी के गहने, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की घटना हरनाम सिंह के रिहायशी मकान में हुई। ऊना जिला के मैहतपुर में ट्रक को आग लगी है, जिसमें केबिन समेत ट्रक में लोड समान जलने से लाखों का नुकसान हुआ। इसी के साथ क्लोह मे कबाड़ के स्टोर मे आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। लालसिंगी मे प्रवासी मजदूरों की दो झुग्गियां जल कर राख हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed