ऊना। दीपावली पर्व पर हिमाचल प्रदेश के बाजारों में धनतेरस से लेकर दीपावली तक खूब धनवर्षा हुई। प्रदेशभर में करीब 10 हजार करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है, जबकि जिला ऊना में लगभग 100 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ है। दीपावली के त्योहार ने वाहन कारोबार से लेकर सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़े और पटाखों के कारोबार में नई रौनक भर दी। धनतेरस से ही बाजारों में खरीदारी का दौर शुरू हो गया था, जो दीपावली तक जारी रहा। लोगों ने सोना-चांदी, बर्तन और नए वाहन खरीदने में विशेष रुचि दिखाई। प्रदेश में इस बार वाहनों की खरीदारी के लिए शिमला शहर, सोलन, कांगड़ा और मंडी प्रमुख केंद्र रहेे। इन क्षेत्रों में 2000 से अधिक गाडिय़ों की बिक्री का अनुमान है।

ऊना जिला में ही फेस्टिवल सीजन में 200 से अधिक कारें एवं 1000 से अधिक दो पहिया वाहन की बिक्री हुई है। शिमला में ही 400 से अधिक गाडिय़ां बिकने का अनुमान है। वहीं, पटाखा कारोबार में शिमला, सोलन, बद्दी-नालागढ़ और धर्मशाला के बाजार प्रमुख रहे। दूसरी ओर धनतेरस पर ऊना, सोलन, धर्मपुर, कांगड़ा, शिमला और मंडी में बरतनों की दुकानों पर अच्छी बिक्री हुई। जिला ऊना के अंब, गगरेट, दौलतपुर चौक, मैहतपुर और अन्य कस्बों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, मिठाई, बर्तन, सर्राफा और वाहन कारोबार में तेजी देखने को मिली।

प्रदेश में बढ़ रहा ऑटो मोबाइल सेक्टर का ग्राफ

प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोमेश शर्मा ने कहा कि दीपावली पर्व पर प्रदेश में करीब 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऑटो मोबाइल सेक्टर का ग्राफ भी लगातार बढ़ रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी निजी गाड़ी रखने का फैसला ले रहा है, जो प्रदेश में गाडिय़ों का व्यापार व संख्या दोनों को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में करीब धनतेरस से लेकर दीपावली तक करीब 100 करोड़ का कारोबार होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed