ऊना। दिवाली की रात जब पूरा जिला दीपों की रोशनी में नहाया हुआ था और हर घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी रात बदोली गांव के दो परिवारों में ऐसा अंधेरा छाया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो पाएगी। पटाखे चलाने को लेकर पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और फिर थार गाड़ी से कुचलने की घटना में एक दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ओंकार सिंह (38) और उनकी पत्नी वीना देवी (37) की जान चली गई। इस घटना ने उनके सात और 13 वर्षीय बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया, जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता की अंगुली पकडक़र जिंदगी का रास्ता तय करना था, उस उम्र में उनके सामने जिंदगी का सबसे बड़ा दुख खड़ा हो गया है। दूसरी तरफ इस वारदात में आरोपी बनाए गए जरनैल सिंह के परिवार पर भी संकट आ गया है।

जरनैल सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है। वह खुद भी घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। इस तरह दीपावली का त्योहार दोनों परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। दीपावली की रात बदोली में पटाखे चलाने को लेकर पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि किसी ने भी अपने गुस्से पर काबू रखने की कोशिश नहीं की। बात गाली-गलौज से शुरू होकर तेजधार हथियारों तक पहुंच गई। इसके बाद थार गाड़ी से कुचलने की घटना में दो की मौत हो गई। एक पल के गुस्से ने न केवल दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि दो परिवारों के भविष्य को भी गहरे संकट में डाल दिया। बच्चों का कोई कसूर नहीं था, लेकिन बड़ों के बीच हुए विवाद ने उनके बचपन से माता-पिता का साथ छीन लिया।

गुस्से पर काबू पाते, तो बर्बाद न होते परिवार

बदोली की यह घटना समाज के सामने एक बड़ा सवाल छोड़ गई है कि आखिर कुछ पल के गुस्से के आगे रिश्तों, परिवार और बच्चों के भविष्य की अहमियत इतनी कम कैसे हो जाती है। त्योहार पर पटाखों की आवाज कुछ देर में थम जाती है, लेकिन गुस्से में उठाया गया एक गलत कदम कई जिंदगियों को उम्रभर का दर्द दे जाता है। इस दीपावली पर बदोली के दो परिवारों के आंगन में जले दीप तो बुझ गए, लेकिन उनके बच्चों के जीवन में छाया अंधेरा शायद कभी पूरी तरह दूर नहीं हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed