शिमला। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना संजौली की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 नवंबर 2026 को पुलिस थाना संजौली की टीम क्षेत्र में गश्त एवं नशा तस्करी की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमित चौहान नामक व्यक्ति चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला लौट रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी अमित चौहान (39 वर्ष), निवासी लोअर समिट्री, शिमला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में अभियोग संख्या 85/2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा नशा तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जिला पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed