कुल्लू। भगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा के साथ बुधवार को देव-मानस के मिलन का प्रतीक कुल्लू का अंतरराष्ट्रीय दशहरा महोत्सव शुरू हो गया। रघुनाथ की नगरी में उमड़े आस्था के सैलाब से ढालपुर सराबोर हो गया। महोत्सव के लिए भगवान रघुनाथ सहित करीब 300 देवी-देवताओं ने ढालपुर मैदान में डेरा डाल दिया है। सात दिन तक देवी-देवता यहां बने अस्थायी शिविरों में ही विराजमान रहेंगे। 27 अक्तूबर तक चलने वाले महोत्सव में देव परंपराओं, लोक संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
