शिमला। यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने और प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग के गठन की मांग को लेकर प्रदेश में निकाली जा रही सवर्ण समाज की अश्वमेध न्याय यात्रा गुरुवार को शिमला पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने सचिवालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ। प्रदर्शनकारियों ने धक्का देकर सचिवालय का गेट खोल दिया और अंदर जाने का प्रयास किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का बल प्रयोग भी किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पानी की बोतलें और पत्थर भी फेंके।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी (आरडीपी) के नेताओं ने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियमों से शिक्षण संस्थानों में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ भेदभाव होगा और समाज में विभाजन बढ़ सकता है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी की न्याय यात्रा 2 अक्तूबर को मनाली से शुरू हुई थी। विभिन्न जिलों से होते हुए यह यात्रा वीरवार को शिमला पहुंची। प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी से सचिवालय तक यात्रा निकाली। दोपहर करीब एक बजे यात्रा सचिवालय के बाहर पहुंची। यहां प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने तथा प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग के गठन की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
