Spread the love

अंब। थाना अंब के तहत कुठियाड़ी मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक चार वाहनों को टक्कर मार दी। सडक़ हादसे में एसबीआई की ऊना शाखा में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत अधिकारी और उनकी पत्नी सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का अंब अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल स्कूटी चालक विशाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे वह कुठियाड़ी मुख्य मार्ग से गुजर रहा था।

इसी दौरान ऊना की ओर से तेज रफ्तार ट्रक ने पहले आगे चल रहे पिकअप ट्राला को टक्कर मार दी। इसके बाद उसके पीछे चल रही, कार, बाइक और स्कूटी भी ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक कई वाहनों को सडक़ पर घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद घायलों को सिविल हॉस्पिटल अंब पहुंचाया। हादसे में बाइक चालक अभिषेक (25) नकड़ोह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, स्कूटी चालक विशाल (23) निचला अंदौरा, बैंक अधिकारी गोल्डी सिंह (40) और उनकी पत्नी सबिता (35) निवासी पक्का परोह, बाबू राम (61) निवासी हरिपुर तथा आदित्य (23) निवासी हरियाणा का अंब हॉस्पिटल में उपचार जारी है। डीएसपी अनिल पटियाल ने खबर की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed