मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी मंडी) के शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण शोध करते हुए यह साबित किया है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद सूक्ष्म दरारें और परमाणुओं की कमी हमेशा नुकसानदायक नहीं होती, बल्कि यदि इन्हें नियंत्रित किया जाए तो ये उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ाने का काम कर सकती हैं। प्रोफेसर विश्वनाथ बालकृष्णन के नेतृत्व में अंजलि शर्मा, यदु चंद्रन और भूमित लुहार की टीम द्वारा किए गए इस शोध को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘एडवांस्ड फंक्शनल मैटेरियल्स’ में प्रकाशित किया गया है। वैज्ञानिकों ने टंगस्टन डाइसल्फाइड जैसी अति पतली सामग्री पर अध्ययन कर यह पाया कि इन खामियों और रिक्त जगहों से बिजली के प्रवाह को कई तरीकों से नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे भविष्य में कम बिजली की खपत करने वाले और मानव मस्तिष्क की तर्ज पर काम करने वाले स्मार्ट कंप्यूटर व मेमोरी उपकरण विकसित किए जा सकेंगे।
इस नई तकनीक से भविष्य की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) प्रणालियों को भी भारी लाभ मिलेगा, क्योंकि इससे ऐसे स्मार्ट सेंसर और पोर्टेबल उपकरण तैयार हो सकेंगे जो हर छोटी जानकारी के लिए सर्वर पर निर्भर रहने के बजाय खुद डेटा का विश्लेषण कर सकें। इससे न केवल ऊर्जा की भारी बचत होगी बल्कि प्रतिक्रिया देने की गति भी तेज होगी। इस तकनीक का उपयोग स्वास्थ्य निगरानी उपकरणों, स्मार्ट घड़ियों, रोबोट और औद्योगिक मशीनों में भी किया जा सकेगा। हालांकि, इस अभूतपूर्व तकनीक को व्यावहारिक रूप से आम इस्तेमाल में लाने से पहले अभी कुछ तकनीकी चुनौतियों पर और काम किया जाना बाकी है।
