शिमला। राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में रात के समय आपातकालीन मेडिकल लैब की सुविधा उपलब्ध न होने का मामला अब हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गया है। रात के समय गंभीर मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिलने में आ रही दिक्कतों को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

याचिकाकर्ता अजय सिपहिया एवं अन्य की ओर से अदालत को बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के उपचार के लिए समय पर मेडिकल जांच बेहद आवश्यक है, लेकिन रात में लैब सुविधा न होने से जांच में देरी होती है और मरीजों की जान पर बन आती है। याचिका में राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को आईजीएमसी में रात्रिकालीन आपातकालीन मेडिकल लैब को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है। इस मामले से अस्पताल की रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिस पर अब 17 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed