कांगड़ा/शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में ‘राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना’ के लाभार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने के लिए कई बड़े ऐलान किए। सीएम सुक्खू ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रदेश में खेती एक मुनाफे का सौदा बनेगी और सरकार का लक्ष्य किसानों की मासिक आय को 40,000 से 50,000 रुपये तक ले जाना है।

अगले साल से बढ़ी हुई MSP पर बिकेगी हल्दी और गेहूं

मुख्यमंत्री ने किसानों से अपनी जमीन न बेचने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से प्राकृतिक रूप से उगाई गई हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलोग्राम और गेहूं का MSP 80 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हल्दी की फसल को जंगली जानवर भी नुकसान नहीं पहुंचाते, जिससे यह प्रदेश के किसानों के लिए बेहद फायदेमंद है। सीएम ने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए सीधे उनके हाथों में पैसा पहुंचा रही है।

300 करोड़ से बनेगा धगवार मिल्क प्लांट, ढुलाई का खर्च भी उठाएगी सरकार

युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक दूध प्रसंस्करण संयंत्र (Milk Processing Plant) बनाया जा रहा है। इस प्लांट में किसानों से प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर दूध की खरीद की जाएगी। खास बात यह है कि किसानों द्वारा प्लांट तक दूध लाने का परिवहन खर्च भी राज्य सरकार खुद वहन करेगी।

वाइल्डफ्लावर हॉल से लेकर BBMB तक कानूनी जीत का किया जिक्र

सीएम सुक्खू ने प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने वाइल्डफ्लावर हॉल मामले में 401 करोड़ रुपये सुरक्षित किए हैं, जिससे अब सालाना करीब 35 करोड़ रुपये की आय हो रही है। इसके अलावा करछम वांगतू जलविद्युत परियोजना में रॉयल्टी 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करवाई गई है और बीबीएमबी (BBMB) बकाया मामले में बड़ी जीत के बाद हिमाचल को अब सालाना 60 करोड़ यूनिट बिजली मिलेगी। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों की भी जानकारी दी।

रासायनिक खेती से मिट्टी की उर्वरता हो रही प्रभावित: चंद्र कुमार

इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि किसानों से मिले महत्वपूर्ण सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता कम हो रही है, इसलिए प्राकृतिक खेती और पशुपालन को साथ लेकर चलना समय की मांग है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed