शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के बागबानों और किसानों पर खाद के बढ़े दामों की दोहरी मार पड़ी है। पिछले साल के मुकाबले इस बार खाद की कीमतों में 30 फीसदी तक का भारी इजाफा हुआ है, जिससे बगीचों में खाद डालने की तैयारी कर रहे बागबानों को बड़ा झटका लगा है। प्रति बैग 500 से 600 रुपये तक की सीधी बढ़ोतरी ने बागबानों की चिंता बढ़ा दी है।

जानिए किस खाद की बोरी कितने में मिलेगी

  • 12:32:16 खाद (50 किलो): बगीचों में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली इस खाद की बोरी पिछले साल के 1,850 रुपये से बढ़कर अब 2,450 रुपये तक पहुंच गई है।

  • 16:16:16 खाद (50 किलो): इस खाद की बोरी का दाम 1,750 रुपये से बढ़कर सीधा 2,250 रुपये हो गया है।

अन्य खर्चों ने भी बिगाड़ा बागबानी का बजट

बागबानों का कहना है कि बारिश के बाद बगीचों में खाद डालने का काम शुरू होने वाला है, लेकिन रासायनिक खाद की महंगाई ने कमर तोड़ दी है। केवल खाद ही नहीं, बल्कि कीटनाशकों, फफूंदनाशकों, पैकेजिंग सामग्री, कार्टन और ढुलाई के खर्चों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर उनकी आय पर पड़ रहा है।

‘संसाधन महंगे होंगे तो आय दोगुनी कैसे होगी?’

कुल्लू फलोत्पादक मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार किसानों और बागबानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ कृषि और बागबानी से जुड़े जरूरी संसाधनों के दाम बेतहाशा बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण अब बगीचों का रखरखाव करना बेहद मुश्किल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed