शिमला। संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय शिमला की ओर से बचत भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई तथा भारतीय संविधान के महत्व, इसके मूल आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

‘संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, हमारी सामूहिक चेतना का प्रतिबिंब’

अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने इस दिन के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा:

  • 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। इसी स्मृति में वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है।

  • संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतिबिंब है।

  • यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

प्रशासन की कार्यशैली में दिखे निष्पक्षता और संवेदनशीलता

उपायुक्त ने कहा कि लोकसेवकों के रूप में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि संविधान में निहित मूल्यों को अपने निर्णयों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रत्येक पहलू में शामिल करें, विधि के शासन को सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक नागरिक के प्रति निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समान व्यवहार बनाए रखें।

यह वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) सचिन शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, जिला योजना अधिकारी निवेदिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed