शिमला। संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ द्वारा शिमला के गंज बाजार स्थित वाइब्रेशन हॉल में ‘संविधान गौरव दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक अजय वैद्य ने की, जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं और विधि प्रकोष्ठ के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।
‘कांग्रेस को अपने संवैधानिक इतिहास का करना चाहिए अध्ययन’
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी हाथ में संविधान की लाल किताब लेकर देशभर में घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें अपनी पार्टी के संवैधानिक इतिहास का अध्ययन भी करना चाहिए। उन्होंने प्रमुख आरोप लगाए:
-
आपातकाल का जिक्र: भारद्वाज ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर मौलिक अधिकारों का हनन किया, विपक्षी नेताओं को जेल भेजा और प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया।
-
42वें संशोधन पर सवाल: उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए प्रस्तावना में बदलाव कर समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखंडता शब्द जोड़े गए।
-
मूल्यों का सम्मान: उनके अनुसार संविधान का सम्मान केवल किताब दिखाने से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं व संवैधानिक मूल्यों के पालन से होता है।
अजय वैद्य ने रखा संविधान का ऐतिहासिक पक्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय वैद्य ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति व संविधान सभा के परिश्रम से लगभग तीन वर्षों में संविधान तैयार हुआ, जिसे 26 नवंबर 1949 को अंगीकार और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने उल्लेख किया कि मूल संविधान में 395 अनुच्छेद और आठ अनुसूचियां थीं, जिसकी हस्तलिखित प्रतियां हिंदी में वसंत कृष्ण वैद्य व अंग्रेजी में प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने लिखी थीं तथा नंदलाल बोस व सहयोगियों ने इसे चित्रों से अलंकृत किया था।
यह पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, सह संयोजक रमा ठाकुर व प्यार सिंह कंवर, प्रदेश सह कार्यालय सचिव प्रेम ठाकुर, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट और अधिवक्ता युद्धवीर ठाकुर सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




