पांवटा साहिब/सिरमौर: सोलन स्थित देवभूमि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में एक अमृतधारी सिख युवक को पटवारी की परीक्षा में बैठने से कथित तौर पर रोके जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने पांवटा साहिब में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा न केवल एक विद्यार्थी के भविष्य से जुड़ा है, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का भी विषय है।

कड़ा और कृपाण उतारने से इनकार करने पर परीक्षा से किया वंचित

गुरमीत सिंह ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि सुबह लगभग साढ़े सात बजे उन्हें सरदार गुरदीप सिंह गैरी के माध्यम से इसकी सूचना मिली। अभ्यर्थी से बातचीत में पता चला कि परीक्षा केंद्र पर उसे कड़ा और कृपाण उतारने को कहा गया था। अमृतधारी सिख होने के कारण युवक ने अपने धार्मिक ककार उतारने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी गई। प्रेस वार्ता में अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह भी मौजूद रहे।

अनुच्छेद 25 का हवाला, मंगलसूत्र व चूड़ियों के प्रतिबंध पर भी उठाए सवाल

भाजपा नेता ने सरकार और परीक्षा प्रबंधन पर तीखे सवाल दागते हुए प्रमुख मांगें रखीं:

  • अधिसूचना सार्वजनिक करे सरकार: गुरमीत सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्र संचालक ने सरकारी निर्देशों का हवाला तो दिया, लेकिन संबंधित आदेश की प्रति नहीं दिखाई। सरकार स्पष्ट करे कि किस अधिसूचना के तहत अभ्यर्थी को रोका गया।
  • संवैधानिक अधिकारों का सम्मान: उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लेख करते हुए कहा कि कृपाण धारण करना सिख धर्म का अभिन्न अंग है। साथ ही उन्होंने परीक्षा निर्देशों में महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंध की भी समीक्षा करने की बात कही।
  • विशेष परीक्षा और नियमों में संशोधन: उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष पटवारी परीक्षा आयोजित की जाए और नियमों में संशोधन हो ताकि भविष्य में किसी को धार्मिक आस्था के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed