शिमला: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर से विधायक राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्टाम्प ड्यूटी की दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रचलित स्टाम्प ड्यूटी की दरों को सुक्खू सरकार ने पहले 2023 और फिर सितंबर 2026 में बढ़ाकर कई आवश्यक कानूनी दस्तावेजों का शुल्क 10 से 30 गुना तक कर दिया है।

दस्तावेजों की दरों में 900 से 2,900 प्रतिशत तक उछाल का दावा

राकेश जमवाल ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि रोजमर्रा के कानूनी कामकाज से जुड़े दस्तावेजों पर भारी-भरकम शुल्क थोपा गया है:

  • शपथपत्र व नोटरी: शपथपत्र की स्टाम्प ड्यूटी 10 रुपये से बढ़ाकर 2023 में 20 रुपये और अब 100 रुपये (900% वृद्धि) कर दी गई है। नोटरी कार्यों का शुल्क भी 10 से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है।
  • करारनामा व मुख्तारनामा: सामान्य करारनामे की दर 50 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये (1,900% वृद्धि) और एक कार्य हेतु मुख्तारनामे की दर 100 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये (2,900% वृद्धि) कर दी गई है। सामान्य मुख्तारनामा 150 से बढ़कर 4,000 रुपये, अन्य श्रेणी का मुख्तारनामा 200 से बढ़कर 5,000 रुपये और दत्तक ग्रहण विलेख 100 से बढ़कर 2,000 रुपये हो गया है।
  • संपत्ति विक्रय करार: 20 लाख रुपये की संपत्ति के विक्रय करार पर प्रारंभिक स्तर पर 41,000 रुपये की स्टाम्प ड्यूटी देनी पड़ रही है, जिससे छोटे खरीदारों पर तत्काल आर्थिक दबाव बन रहा है।

उत्तराखंड से की तुलना, बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग

भाजपा नेता ने पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की दर सूची का हवाला देते हुए कहा कि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सामान्य शपथपत्र मात्र 10 रुपये में बनता है, जबकि हिमाचल में जनता से दस गुना राशि वसूली जा रही है। उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज किसानों, बागवानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों की बुनियादी जरूरत हैं। जमवाल ने मांग की कि सरकार उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा की दरों का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक करे और बढ़ी हुई स्टाम्प ड्यूटी तुरंत वापस लेकर पुरानी दरें बहाल करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed