शिमला। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अब सड़क निर्माण की राह तभी खुलेगी, जब ग्रामीण अपनी जमीन लोक निर्माण विभाग (PWD) के नाम गिफ्ट डीड करेंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण में विभाग ने यह सख्त व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। स्पष्ट निर्देश हैं कि जमीन विभाग के नाम हस्तांतरित होने के बाद ही सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि औपचारिकता पूरी न करने वाले गांवों के प्रस्ताव रोक दिए जाएंगे।
950 सड़कों के मामले अधूरे, इन चार जिलों में सबसे ज्यादा पेंडेंसी
लोक निर्माण विभाग ने पीएमजीएसवाई-चार के तहत प्रदेशभर में 2,559 नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए हैं। इनमें से 950 मामलों में जमीन विभाग के नाम करने की प्रक्रिया अभी अधूरी लटकी हुई है। सबसे ज्यादा लंबित मामले शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों में सामने आए हैं। अब उन्हीं गांवों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां के सभी जमीन मालिक गिफ्ट डीड की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
मुआवजे के विवादों से बचने के लिए विभाग ने उठाया कदम
नई व्यवस्था के तहत संबंधित पंचायत प्रधान को भी लिखित रूप में यह प्रमाणित करना होगा कि गांव के लोगों ने सड़क निर्माण के लिए स्वेच्छा से जमीन देने की सहमति दी है। दरअसल, पुराने सड़क निर्माण कार्यों के मुआवजे को लेकर विभाग पर पहले ही भारी देनदारी है और कई मामले अदालती विवादों में फंसे हैं। केंद्र सरकार की वर्ष 2012 की गाइडलाइन के अनुसार भी जमीन अधिग्रहण का खर्च राज्य सरकार को ही वहन करना होता है, इसलिए विभाग अब निर्माण से पहले ही जमीन अपने नाम करवाकर भविष्य के विवादों से बचना चाहता है।




