शिमला, 24 सितंबर। राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनएसएस इकाई और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।कार्यक्रम में महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. सुभाष कापटा मुख्य अतिथि तथा आईक्यूएसी समन्वयक एवं डीन ऑफ साइंसेज डॉ. कार्तिक मृत्युंज विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 150 एनएसएस स्वयंसेवियों और रेड रिबन क्लब के 50 सदस्यों ने भाग लिया।
इस दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के व्यक्तिगत और सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर से रिज मैदान तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्राओं ने लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए योगदान देने का संदेश दिया।कार्यक्रम में छात्राओं ने नशे के खिलाफ शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस प्रभारी डॉ. इंद्र नेगी और डॉ. बबीता ठाकुर ने किया। मंच संचालन एनएसएस अध्यक्ष स्वयंसेवी दीक्षा ने किया। इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू डॉ. सुरेंद्र शर्मा, रेड रिबन क्लब की संयोजक डॉ. निधि सहित महाविद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
