शिमला : हिमाचल प्रदेश में तीन दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिली है, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 4 अक्तूबर से मौसम फिर बिगड़ सकता है। इससे प्रदेश के कई भागों में बारिश की संभावना है। उधर, प्रदेश के ऊना जिला से गुरुवार को मानसून विदा हो गया है।
शेष हिमाचल से अक्तूबर के दूसरे सप्ताह के शुरुआत में मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून के दौरान जून से सितंबर के दौरान राज्य में कुल 716.7 मिलीमीटर बारिश हुई,जोकि अपनी सामान्य सीमा में है।

इस मानसून सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा बारिश शिमला जिले में 898.6 मिलीमीटर दर्ज हुई। जबकि सबसे कम लाहौल-स्पीति जिले में (168.3 मिमी) हुई। जून में प्रदेश में 67.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जोकि सामान्य से माइनस 34 फीसदी कम है। इसी तरह जुलाई में 266.9, अगस्त 247.6 और सितंबर में 135.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश में मानसून कमजोर चरण में रहेगा। इसके बाद तीन दिनों तक बारिश की संभावना है।

You missed