Spread the love

मंडी। सराज विधानसभा क्षेत्र की बागा-चनोगी ग्राम पंचायत के चौहट गांव में रविवार सुबह गैस सिलेंडर के रिसाव से भीषण अग्निकांड हो गया। आग की चपेट में आने से अध्यापक गंगा राम पुत्र मंगलू और योग राज पुत्र गंगा राम का 12 कमरों का स्लेटपोश मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। मकान में दो परिवार रह रहे थे। आग में घर का सारा सामान भी जल गया। पंचायत के उपप्रधान के अनुसार हादसे में करीब 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह रसोईघर में रखे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद अचानक आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे।

आग लगने के बाद परिवार के लोगों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान तीन साल का बच्चा दूसरे कमरे में सोया हुआ था, जिसे परिवार के सदस्यों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया दमकल कर्मियों के पहुंचने तक मकान काफी हद तक जल चुका था, लेकिन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और उसे आसपास फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। बागाचनोगी पंचायत के उपप्रधान विश्वनाथ ने बताया कि अग्निकांड में 12 कमरों का मकान पूरी तरह जल गया है। अग्निकांड से करीब 70 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

प्रशासन ने सौंपी फौरी राहत

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार थुनाग जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित गंगा राम को दस हजार रुपए और योग राज को पांच हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को तिरपाल, कंबल और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया गया है। अग्निकांड की जानकारी मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी गंगा राम और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed