शिमला। सूबे में सेवाएं दे रही 108 व 102 एम्बुलैंस चलाने को लेकर सरकार की एक ओर लापरवाही सामने आई है। शनिवार को सुबह से ही एम्बुलैंस सेवा ठप्प हो गई है और मरीजों को काफी ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब नई कंपनी मेडसवान फाऊंडेशन को एम्बुलैंस चलाने का टैंडर दे दिया है, ऐसे में पुरानी कंपनी जीवीके ईएमआरआई ने एम्बुलैंस राज्य सरकार के सुपुर्द करनी हैं। सरकार ने सभी एम्बुलैंसों को जिला मुख्यालय में लाने के निर्देश दिए हैं, ऐसे में सभी क्षेत्रों से जिला मुख्यालयों में एम्बुलैंसों को पहुंचाया गया है, जिसके चलते एम्बुलैंस सेवा लोगों को नहीं मिल पाई।

रविवार को भी लोगों को एम्बुलैंस सेवा नहीं मिलेगी। यहां पर दिक्कत यह भी बढ़ गई है कि एक तरफ कोरोना के चलते नाइट कर्फ्यू लगा है और कोरोना के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में लोगों को एम्बुलैंस न मिलने से मरीजों को अस्पताल में पहुंचाने के लिए भारी पैसे खर्च कर निजी गाड़ियों का प्रयोग करना पड़ रहा है।

पुराने ट्रेंड कर्मचारियों को नहीं मिले ऑफर लैटर, नौकरी से धोना पड़ सकता है हाथ

नई कंपनी को टैंडर मिलने के बाद एम्बुलैंस में जो पुराने ट्रेंड कर्मचारी हैं, उनमें से कुछ कर्मचारियों को अभी तक ऑफर लैटर भी नहीं मिले हैं, ऐसे में उन्हें नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। प्रदेश में कुल 1200 के करीब कर्मचारी हैं। इनमें से यूनियन के साथ जो 200 कर्मचारी जुड़े हैं, उनमें से किसी को भी ऑफर लैटर नहीं मिला है। ये कर्मचारी आफर लैटर के लिए सोमवार को प्रदेश सचिवालय में पहुंचेंगे। यूनियन का कहना है कि पुराने कर्मचारियों को ही नौकरी पर रखा जाए।

कर्मचारियों के साथ खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त

प्रदेश एम्बुलैंस कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद ने कहा कि कर्मचारियों के साथ अगर खिलवाड़ किया गया तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जितने कर्मचारी पहले से ही एम्बुलैंस में सेवाएं दे रहे हैं, उन सभी को ज्वाइनिंग लैटर मिलने चाहिए।

You missed