ऊना : ऊना के दौलतपुर क्षेत्र में एक हलवाई की दुकान पर एक ग्राहक द्वारा पकौड़े पर चाट मसाला न डालने को लेकर कहासुनी हो गई. जिसको लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार और ग्राहक में मारपीट हो गई. यह मामला देर रात शनिवार को तब घटित हुआ जब युवक दुकान पर मिठाई लेने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान युवक दुकानदार से पकौड़े लेने लगा. कथित रूप से दुकानदार ने पकौड़े में चाट मसाला कम डाला. इस पर युवक ने और चाट मसाला डालने के लिए कहा. लेकिन दुकानदार ने यह कहकर मना कर दिया कि इसमें जितना हम मसाला डालते हैं उतना डाल दिया. इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई. जानकारी के मुताबिक, दुकान का मालिक ग्राहक का जानकार था. उसने तुरंत उसके छोटे भाई को बुलाया कि दुकान पर आपका भाई हंगामा कर रहा है. जैसे ही छोटा भाई बड़े को दुकान से ले जाने लगा तो दुकान मालिक व कर्मियों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया. वहीं, दूसरी तरफ दुकानदार के अनुसार ये दोनों युवक उसकी दुकान में आए और आकार लड़ाई की व 71,500 रुपये लूट कर ले गए. इस शिकायत में ये भी कहा गया है कि ये छह से सात लोग थे, जिन्होंने हमला किया. और इसमें दुकान मालिक और उसके कामगारों को चोटें आई हैं.

बहरहाल पुलिस ने इस मामले में क्रास केस दर्ज किया है. इसमें रितेश जसवाल की शिकायत पर दुकान के मालिक अरुण डोगरा वार्ड नम्बर एक दौलतपुर व एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं दुकान के मालिक अरुणदीप की शिकायत पर दोनों भाइयों रितेश जसवाल व विक्की निवासी डंगोह तहसील घनारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के ब्यानों के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

You missed