ऊना : जिला ऊना में लंपी स्किन डिजीज के मामलों में बेतहाशा वृद्धि होने लगी है. पंजाब और राजस्थान के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी सैकड़ों की संख्या में पशुओं में यह बीमारी देखने को मिल रही है, जबकि रोग की रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग के चिकित्सक फील्ड में उतर गए हैं. जिला भर के उन स्थानों पर इस रोग के ज्यादा फैलने का खतरा मंडरा रहा है, जहां पर काफी संख्या में एक साथ पशुओं को रखा गया है.

इस बीमारी की हिट लिस्ट में कई पशुशालाएं आ चुकी हैं. जिला मुख्यालय के नजदीक एक गौशाला में 25 गायों में यह बीमारी साफ तौर पर देखी जा सकती है. वहीं, चिकित्सकों ने इस रोग की रोकथाम के लिए पशुपालकों से फौरन पशुपालन विभाग से संपर्क करने के लिए भी कहा है. साथ ही इस बीमारी के रोगी पशुओं के दूध का प्रयोग करने के लिए भी जरूरी एहतियाती कदम उठाने के लिए हिदायत जारी की गई है.

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के बाद अब मैदानी इलाके ऊना में भी पशुओं में फैल रही लंपी स्किन डिजीज नाम की बीमारी फैलना शुरू हो चुकी है. जिला में अभी तक 50 से ज्यादा मामले इस बीमारी के रिपोर्ट किए जा चुके हैं, जिनकी जांच के लिए सैंपल जुटाकर भोपाल भेजे जा चुके हैं. पशुपालन विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने भी इस बीमारी से निपटने के लिए कमर कस ली है और तमाम चिकित्सक फील्ड में डेरा डाल चुके हैं. राहत भरी खबर यह है कि अभी तक इस बीमारी के चलते जिला में किसी भी मवेशी की मौत नहीं हुई है.

You missed