शिमला/कुल्लू | हिमाचल में मंगलवार को प्री मानसून के बादल झमाझम बरसे। शिमला, कुल्लू, हमीरपुर, ऊना, मंडी और सोलन में भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। अंधड़ से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। ऊना की स्वां नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन दो पुलों की निर्माण सामग्री बह गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार एवं वीरवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ अंधड़ चलेगा। 21 और 22 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसी दौरान हिमाचल में मानसून के भी दस्तक देने की संभावना भी है।
राजधानी शिमला में सोमवार रात भर बारिश का दौर जारी रहा। सुबह सात से साढ़े आठ बजे तक शहर में भारी बारिश हुई। दिन में भी बूंदाबांदी होती रही। ऊना जिले में मंगलवार सुबह हुई बारिश से स्वां नदी का जलस्तर बढ़ गया। इससे नदी क्षेत्र में बन रहे दो पुल पानी में घिर गए। कुछ निर्माण सामग्री भी पानी में बह गई। मशीनरी को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। वेल्डिंग सेट में पानी घुसने से इसे नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण लोहारली चुरुड़ू और पंडोगा-त्यूड़ी दो पुलों का कार्य मंगलवार को बाधित रहा। हमीरपुर के धनेटा और गलोड़ क्षेत्र में भारी बारिश से मान खड्ड ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। डिडवीं-ताल सड़क ने तालाब का रूप ले लिया। अंधड़ से बड़सर, हमीरपुर में चार बिजली के पोल गिर गए। कई जगह बिजली लाइनें टूट गईं।
