निरमंड | बागा सराहन में रात्रि ठहराव करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अचानक सुबह की असेंबली में स्कूल पहुंच गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागा सराहन के बच्चे उस समय प्रार्थना सभा में पंक्तियों में खड़े थे। मुख्यमंत्री ने जब बच्चों से पूछा – भारत के राष्ट्रपति कौन हैं, यह जिन्हें मालूम है, वे हाथ खड़ा करें तो इस पर दसवीं से बारहवीं कक्षा तक के बहुत से विद्यार्थी हाथ खड़ा नहीं कर पाए। इसके बाद एक छात्र ने भारत के राष्ट्रपति नरेंद्र मोदी बताए, तो वह चौंक गए।
फिर प्राइमरी के एक बच्चे को पूछा तो उसने फटाक से जवाब दिया। इसी तरह मुख्यमंत्री ने जब देश की राजधानी का नाम भी पूछा तो भी कई छात्र खामोश रहे। प्राइमरी के छात्र-छात्राएं इसका जवाब ठीक से देते रहे। इस पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्राइमरी के शिक्षक की पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री में हंसी-ठिठोली करते हुए यह भी पूछा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कौन हैं तो छोटे बच्चों ने मुस्कराते हुए जवाब दिया… सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
