हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में बड़े फैसलों पर मुहर लगी। जल शक्ति विभाग में 3970 पैरो वर्कर्स के पद भरने को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है। सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में कुल 88 एजेंडा आइटम पर चर्चा हुई। मंत्रिमंडल ने चुनावी वर्ष में इस बड़ी भर्ती को अनुमति प्रदान कर युवाओं को राहत प्रदान की है। आठ हजार मल्‍टी टास्‍क वर्कर्स की भर्ती के बाद यह दूसरी बड़ी भर्ती होगी। मल्‍टी टास्‍क वर्कर्स की भर्ती प्रक्रिया इन दिनों चली हुई है। इसके अलावा पिछली मंत्रिमंडल की बैठक से लेकर अब तक 800 करोड़ रुपये की घोषणाओं पर मोहर लगा दी है। इसमें स्‍कूल अपग्रेड करने, सड़कें व पुल निर्माण सहित अन्‍य कार्यालय खोलने की घोषणाएं शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में जयसिंहपुर के जालग में उपतहसील खोलने को भी मंजूरी प्रदान की गई है। यहां 12 कर्मचारियों का स्‍टाफ तैनात करने की भी मंजूरी कैबिनेट ने दी है। इसके अलावा भी मुख्‍यमंत्री की ओर से की गई अन्‍य घोषणाओं को भी अमलीजामा पहनाया गया है। हिमाचल प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने प्रस्‍तावित हैं। ऐसे में सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है व लगभग हर महीने कैबिनेट बैठक बुलाकर अहम निर्णयों पर मोहर लगा रही है।

You missed