सुजानपुर| सूबे में कांग्रेस आज से चुनावी अभियान का आगाज करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के सुजानपुर में कांग्रेस चुनावीं हुंकार भरेंगी। सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगी। पहले प्रियंका गांधी का कार्यक्रम था, लेकिन वह किसी कारणवश फाइनल नहीं हो पाया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा का यह गृह विधानसभा क्षेत्र है। उन्होंने रैली की तैयारियों को लेकर खूब जोर लगाया।राजेंद्र राणा ने कहा कि इस जनसंपर्क रैली को लेकर इलाका वासियों में गजब का उत्साह है और कार्यकर्ता भी पूरी तरह जोश और उत्साह से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस के कई बड़े नेता सुजानपुर के इस ऐतिहासिक चौगान में जनसमूह को संबोधित करेंगे और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों व कार्यक्रमों का पर्दाफाश किया जाएगा।
हिमाचल कांग्रेस राजेंद्र राणा ने कहा इस रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री व हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, राज्यसभा सांसद व हिमाचल के पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला, पार्टी के पर्यवेक्षक व पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह, पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली व तेजिंदर सिंह बिट्टू सहित प्रदेश के आला कांग्रेस नेता व पार्टी के विधायक व पूर्व विधायक शिरकत करेंगे।
