शिमला/कुल्लू| सूबे में अभी दो और दिनों तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 5 मई को प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में बारिश की संभावना है। वहीं, 6 मई को उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश हो सकती है। बाकि भागों में मौसम साफ रहेगा। साथ ही 5 मई को एक-दो स्थानों पर अंधड़ का भी अलर्ट जारी हुआ है। पूरे प्रदेश में सात और आठ मई को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।आज भी प्रदेश में बारिश होने के आसार जताए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार सुबह राजधानी शिमला के अलावा चंबा, हमीरपुर, सिरमौर व कांगड़ा जिले कई भागों में बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। राजा का तालाब, कोटला व अन्य कई भागों में सुबह के समय अंधेरा छा गया। इससे वाहन चालकों को दिन में लाइट जलाकर चलना पड़ा।
उधर, ताजा बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग दारचा से आगे बंद हो गया है। सड़क बर्फ जमी होने से मार्ग बाधित है। वहीं उदयपुर-पांगी सड़क भी काढूनाला के पास भूस्खलन से ठप हो गया। जबकि कोकसर से आगे ग्रांफू-काजा और दारचा-शिंकुला पास छोटे वाहनों के लिए खुला हुआ है। वहीं, किन्नौर जिले का सांगला-छितकुल मार्ग बुधवार सुबह तक बहाल नहीं हो पाया था।
चट्टानों के आने से मंगलवार को यह मार्ग बंद हो गया था।
न्यूनतम तापमान 9.7, सुंदरनगर 16.1, भुंतर 11.1, कल्पा 5.2, धर्मशाला 19.4, ऊना 22.2, नाहन 22.4, केलांग 2.5, पालमपुर 16.5, सोलन 15.0, मनाली 8.0, कांगड़ा 18.9, मंडी 17.2, बिलासपुर 22.5, हमीरपुर 20.7, चंबा 13.7, डलहौजी 15.2, कुफरी 15.0, जुब्बड़हट्टी 21.1 और पांवटा साहिब 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई क्षेत्रों में मंगलवार को शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, चंबा और लाहौल-स्पीति में अंधड़-बारिश के साथ ओले गिरे थे। इससे कृषि-बागवानी का भारी नुकसान हुआ है। अंधड़ से पेड़ की टहनी टूटकर एक महिला गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। काइस में बिजली गिरने से दो लड़के जख्मी हो गए। तूफान से चंबा में दो दर्जन से ज्यादा भवनों को नुकसान हुआ है। बारिश कृषि-बागवानी के लिए कहीं राहत दे गई तो कहीं नुकसान कर गई। ओलों और अंधड़ से सेब सहित अन्य नकदी फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है।
