शिमला| सूबे की राजधानी शिमला में आज हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक दोपहर बाद 3 बजे सचिवालय में होगी। चुनावी बेला में हो रही यह कैबिनेट प्रदेश वासियों के लिए उम्मीदों भरी है। इस पर कई वर्गों की नजर टिकी है। आउटसोर्स कर्मचारियों, कंप्यूटर शिक्षकों, नेशनल हेल्थ मिशन कर्मचारियों समेत अन्य वर्गों को इस कैबिनेट मीटिंग से बहुत ज्यादा उम्मीद है।हिमाचल में 28 हजार से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न विभागों, बोर्ड व निगमों में निजी सेवा प्रदाता कंपनियों के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं। कई कर्मचारियों को सेवाएं देते हुए 15 साल का वक्त बीत गया है। इन्हें न तो उचित मानदेय दिया जा रहा है और न ही छुटि्टयां इत्यादि की सुविधा मिल पा रही है। 8 से 20 हजार के मानदेय पर काम कर रहे अधिकतर आउटसोर्स कर्मचारी 50 हजार से 1 लाख तनख्वाह लेने वालों के समान काम कर रहे हैं।
कुछ सेवा प्रदाता निजी कंपनियां भी इन्हें लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। सालों से इन कर्मचारियों के काटे जा रहे EPF व ESI का पता तक नहीं है। इसलिए आज की कैबिनेट में इनके लिए पॉलिसी बनाए जाने की घोषणा की उम्मीद की जा रही है। संभव है कि सरकार इनके लिए उचित मानदेय देने के साथ-साथ छुट्टियां देने और वार्षिक वेतनवृद्धि का प्रावधान कर सकती है।
कंप्यूटर शिक्षकों और NHM कर्मियों को भी आस
प्रदेश के स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक भी लगभग डेढ़ दशक से निजी कंपनियों के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं। इनकी भी नजरें आज कैबिनेट पर टिकी हुई हैं।NHM कर्मचारियों के लिए भी पॉलिसी को मंजूरी मिल सकती है। इन कर्मचारियों को सर्व शिक्षा अभियान कर्मचारियों की तर्ज पर रेगुलर करने का प्रावधान किया जा सकता है।
बजट की घोषणाओं को हरी झंडी
आज की कैबिनेट मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की बजट घोषणाओं और बीते एक माह के दौरान विभिन्न चुनाव क्षेत्रों में जाकर किए जा रहे वादे को पूरा किया जाएगा। शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थान अपग्रेड किए जा सकते हैं।
जयराम को अधिकृत कर सकते हैं मंत्री
आज की बैठक सितंबर माह में चौथी बार हो रही है। इससे पहले 5, 15 और 22 सितंबर को जयराम सरकार कैबिनेट मीटिंग कर चुकी है। उम्मीद है कि आज सभी मंत्रियों के साथ जयराम सरकार की यह आखिरी बैठक हो। इसमें सभी मंत्री कई अन्य मसलों पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अधिकृत कर सकते हैं।
