शिमला| सूबे में हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में होगी। चुनावी साल में इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। कैबिनेट में 1923 करोड़ की बल्क ड्रग पार्क की DPR को मंजूरी के लिए लाया जा सकता है। कैबिनेट मंजूरी के बाद इसे केंद्र सरकार को फाइनल अप्रूवल के लिए भेजा जाना है।केंद्र ने सैद्धांतिक तौर पर हिमाचल के लिए यह पार्क मंजूर कर रखा है। आज की कैबिनेट में नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (NTT) भर्ती पॉलिसी को भी मंजूरी मिल सकती है। यह पॉलिसी लंबे समय से लटकी है। कैबिनेट में 24 सितंबर के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी रैली को लेकर भी चर्चा होंगी।
PM मोदी भारतीय जनता युवा मोर्चा की संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए मंडी आ रहे हैं। कैबिनेट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में की जा रही चुनावी घोषणाओं को मंजूरी दिलाई जाएगी। कैबिनेट में OBC कॉर्पोरेशन के लगभग 31 करोड़ कर्ज माफी का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए लाया जा सकता है।
