शिमला| सूबे के बागवानों के लिए राहत भारी ख़बर है| हिमाचल प्रदेश के बागवानों से ठगी करने वालों पर कार्रवाई करने वाली सीआईडी की एसआईटी को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईटी ने कोटखाई के रहने वाले एक बड़े जालसाज को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। इस पर सूबे के एक दर्जन आढ़तियों और बागवानों की करीब सात करोड़ से ज्यादा की राशि हड़पने का आरोप है। कहा जा रहा है कि बागवानों और आढ़तियों से ठगी करने वाला यह हिमाचल का अब तक का सबसे बड़ा जालसाज है। 

पकड़े गए आरोपी का नाम संदीप मेहता उर्फ सैंडी है। कोटखाई का रहने वाला सैंडी सोलन में आढ़त चलाता था और अन्य क्षेत्रों के आढ़तियों और बागवानों से उधार में सेब खरीदकर बेचने का काम करता था। 2015 से 2018 के बीच इसने कई बागवानों को रकम अदायगी के लिए चेक दिए जो बाद में बाउंस हो गए। ऐसे करीब दो दर्जन से ज्यादा मामलों में रामपुर, रोहड़ू, जुब्बल कोटखाई, ठियोग व सोलन समेत कई जगह की कोर्ट से यह वांछित भी चल रहा था।

2018 में वह हिमाचल से अपना पूरा काम समेटकर फरार हो गया और मुंबई में सेटल हो गया। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय पुलिस इसकी तलाश में कई बार मुंबई गई, लेकिन वह किसी के हाथ नहीं लगा, लेकिन सीआईडी की एसआईटी को वह एक ही बार में मिल गया। एसआईटी के प्रभारी एसपी वीरेंद्र कालिया ने बताया कि संदीप को मौजूदा समय में चल रही बागवानों से धोखाधड़ी का सूत्रधार माना जा सकता है।

You missed