शिमला। प्रदेश में कोरोना बीमारी में ज्यादा पैर नहीं पसार पाई है। छह जिलों में अब तक एक भी मामला नहीं है। इसमें शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, बिलासपुर, किन्नौर और मंडी जिला शामिल है। हालांकि, हमीरपुर में जो दो मामले आए हैं उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है। संभावना है कि इनकी रिपोर्ट निगेटिव आ सकती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हिमाचल में कोरोना का गंभीर मामला नहीं आया है। अस्पतालों में जितने भी कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं, सभी का स्वास्थ्य ठीक है। समय अवधि पूरी होने के साथ-साथ सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आने पर इन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।
हिमाचल में अब तक कोरोना के 40 पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें से 13 लोग ही पॉजिटिव रह गए हैं जबकि 22 लोग स्वस्थ होकर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं और एक व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हुई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि कोरोना पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं और जांच में इनकी रिपोर्ट निगेटव आ रही है।
प्रदेश में 9374 से अधिक लोगों को निगरानी में रखा था। इनमें 5753 लोगों ने 28 दिन की निगरानी अवधि पूरी कर ली है। प्रदेश में कोरोना को लेकर अब तक 4623 लोगों की जांच की गई। प्रदेश में एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के तहत 70 लाख से अधिक लोग कवर किए हैं। इनमें लगभग 10 हजार की जांच की जा रही है, जिनमें सर्दी-जुखाम जैसी बीमारी के लक्षण पाए गए थे।
