शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक वाहन सेवा का आगाज किया है. यह सेवा हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए वरदान साबित होगी. मुख्यमंत्री ने सोमवार को सिरमौर के सराहां में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक वाहन सेवा के अंतर्गत 10 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन और आवश्यक उपकरणों से युक्त यह मोबाइल क्लीनिक वाहन प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के गांवों में लोगों को घर-द्वार पर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेंगे. जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022-23 के बजट में मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक वाहन सेवा आरंभ करने की घोषणा की गई थी. आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर यह सेवा विधिवत रूप से आरंभ कर दी गई है.
