शिमला. हिमाचल प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव हैं. ऐसे में भाजपा, कांग्रेस के अलावा, आम आदमी पार्टी भी लगातार सक्रिय है. आम आदमी पार्टी लगातार हिमाचल की शिक्षा व्यवस्था पर भाजपा सरकार पर निशाना साध रही है. अब आम आदमी पार्टी ने एक अभियान शुरू किया है.
हाल ही में नवनियुक्त हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने आज #SelfieWithSchool अभियान की शुरुआत सोलन जिले से की है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर प्रदेश के शिक्षा व्यवस्था और जर्जर स्कूलों पर लोगों से पार्टी की मुहिम से जुड़ने की अपील की. अध्यक्ष सुरजीत ने सोलन जिला के प्राथमिक विद्यालय गुलहाड़ी में स्कूल के हालात को दिखाते हुए सेल्फी ली और अभियान की शुरुआत की.साथ ही कहा कि हिमाचल की सम्मानित जनता के समक्ष आज आम आदमी पार्टी शिक्षा को लेकर एक जन अभियान शुरू करने जा रही है. जिसका नाम #Selfiewithschool है. इसमें हिमाचल के लोग अपने आस-पास के सरकारी स्कूलों का हाल खुद बनाएंगे और बीजेपी-कांग्रेस को बताएं कि इतने साल में हमारे बच्चों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि इस अभियान से हिमाचल के सभी लोग जुड़ सकते हैं.
