शिमला| हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सार्वजनिक तौर पर बताएं कि मंडी रैली पर सरकार ने कितना खर्च किया और भाजपा ने अपना कितना पैसा इस रैली में लगाया। राठौर ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से भाजपा प्रदेश के साधनों, सरकारी तंत्र और सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर रही है, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। डबल इंजन का दावा करने वाली प्रदेश सरकार को केंद्र से एक पैसे की भी कोई विशेष मदद नहीं मिल रही है।

यहां जारी बयान में राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली से प्रदेश के लोग पूरी तरह निराश हैं। मुख्यमंत्री अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि आज एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि इसकी खरीद करना आम लोगों के बस से बाहर हो रहा है।

You missed