हमीरपुर : ग्राम पंचायत ननांवां के ब्याड़ क्षेत्र में रविवार देर रात को दो मजदूरों के बीच नोक झोक हुई। नोक झोक इतनी बढ़ गयी, कि नेपाली मूल के व्यक्ति ने बिहार के रहने वाले व्यक्ति की झोपड़ी में जाकर बंदूक से गोली चला दी। गोली व्यक्ति के कंधे से होकर निकल गई। घायल व्यक्ति को परिजनों ने गंभीर हालत में बड़सर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी प्राथमिक उपचार के बाद हालत को गंभीर बताते हुए डॉक्टरों ने उसे ऊना अस्पताल रैफर कर दिया है, वहां पर उसका उपचार चल रहा है।
घायल को खतरे से बाहर बताया जा रहा है. मामले की सूचना बड़सर पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडि़त व आस पास के लोगों के बयान लिए हैं। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। दोनों व्यक्ति दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे. दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। वहीं दूसरी तरफ उसके पास यह बंदूक कहां से आई यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
एसएचओ बड़सर मस्तराम नायक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नेपाली मूल के युवक ने बिहार के रहने वाले युवक को गोली मार दी है। गोली उसके दाएं कंधे में लगी है, और कहा कि आरोपी के पास में बंदूक कहां से आई इस बारे में पूछताछ की जा रही है।
