सोलन।इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल वैल्फेयर हिमाचल शाखा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी कड़ी में परिषद की ओर से नाबार्ड व इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल वैल्फेयर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए 5 दिवसीय कैंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सोलन व आसपास के स्वयं सहायता समूह की करीब दो दर्जन महिलाएं मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण ले रही है।
इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल वैल्फेयर की अध्यक्ष शांति जायसवाल ने बताया कि परिषद करीब तीन दशक से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अब तक परिषद करीब 10 हजार महिलाओं को स्किल प्रशिक्षण दे चुकी है। इसी कड़ी में दीपावली के लिए भी परिषद महिलाओं को कैंडल बनाने का प्रशिक्षण दे रही है ताकि वह इससे अपनी अजीविका कमा सकें। उन्होंने कहा कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जो भी कैंडल तैयार होगी वह नाबार्ड के मार्ट के माध्यम से बेची जाएगी और उससे मिलने वाली राशि इन महिलाओं को दी जाएगी।
ग्रीन दीपावली मनाएं
शांति जायसवाल ने लोगों से अपील की है कि वह पटाखे न चलाएं और ग्रीन दीपावली मनाएं। साथ ही स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार उत्पाद को घर लाएं। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल से ही महिलाएं आत्मनिर्भर बनेगी और महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह सार्थक पहल होगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने सुंदर मोमबतियां तैयार की है।
