आजाद भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी का आज सुबह निधन हो गया. हिमाचल प्रदेश के किन्नौर निवासी नेगी 106 साल के थे. उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 2 नवंबर को अपना डाक मतपत्र के जरिए वोट डाला था. डीसी किन्नौर आबिद हुसैन का कहना है कि जिला प्रशासन सबसे बुजुर्ग मतदाता के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर रहा है. उन्हें सम्मानपूर्वक विदा करने की पूरी व्यवस्था की जा रही है.
देश के सबसे बुजुर्ग मतदाता श्याम सरन नेगी हाल ही में निर्वाचन अधिकारी को 12-D फॉर्म लौटाकर चर्चा में आए थे. दरअसल, उम्रदराज मतदाता ने यह कहकर चुनाव आयोग का फॉर्म लौटा दिया था कि वह मतदान केंद्र जाकर ही अपना वोट डालेंगे. हालांकि, इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और चुनाव अधिकारियों ने उनके कल्पा स्थित घर जाकर पोस्टल वोट डलवाया.
वोट डालने के बाद श्याम सरन ने कहा था कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व होता है. हम सभी को मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए. वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने भी देश के सबसे उम्रदराज मतदाता नेगी की तारीफ करते हुए कहा था कि इससे नई पीढ़ी के लोग मतदान के लिए प्रेरित होंगे. वहीं श्याम सरन नेगी के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया है.
वहीं डीसी किन्नौर आबिद हुसैन का कहना है कि जिला प्रशासन सबसे बुजुर्ग मतदाता केअंतिम संस्कार की व्यवस्था कर रहा है. उन्हें सम्मानपूर्वक विदा करने की पूरी तैयारी की जा रही है.
16 बार किया लोकसभा चुनाव में मतदान
जुलाई 1917 में जन्मे नेगी ने 1951 से लेकर अब तक 16 बार लोकसभा चुनाव में मतदान किया था. इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने 34वीं बार मतदान किया था. वो 2014 से हिमाचल के चुनाव आइकन भी रहे, नेगी ने 1951 से हर चुनाव में मतदान किया है. पेशे से शिक्षक रहे नेगी ने अपने जीवनकाल में कभी भी मतदान करने का अवसर नहीं छोड़ा.
2 नवंबर को नेगी के लिए बिछाया गया था रेड कार्पेट
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि 2 नबंवर को मतदान के दिन नेगी को उनके घर के प्रांगण में बने डाक बूथ तक लाने के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था. मतदान के बाद उनके वोट को एक लिफाफे में बंद कर मतपेटी में डाल दिया गया था. इसी के ही साथ श्याम सरन नेगी को टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया गया था. सादिक ने कहा कि 1951 से 2021 तक मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव में नेगी ने अपने गांव के मतदान केंद्र पर जाकर हमेशा मतदान किया था और इस बार भी वह मतदान केंद्र पर वोट डालने के इच्छुक थे, लेकिन तबीयत खराब होने के चलते उन्होंने घर से मतदान किया था. 2014 के संसदीय चुनावों के दौरानप्लेज टू वोट अभियान के लिए गूगल द्वारा उनका एक वीडियो बनाया गया था. जिसके बाद नेगी विश्व स्तर पर सुर्खियों में छा गए थे. गूगल वीडियो वायरल होने के बाद नेगी घर-घर में पहचाने जाने लगे. इस वीडियो में उन्हें 25 अक्टूबर 1951 की कहानी सुनाते हुए दिखाया गया था, जब उन्होंने भारी बर्फबारी के बावजूद मतदान केंद्र की ओर चलने के लिए बाहर कदम रखा था.
