सोलन| क्षेत्र में एक बार फिर ससुर और दामाद में टक्कर होने जा रही है। मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा व कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों में पिछले चुनाव में भी जीत का अंतर कम रहा था। यहां से कांग्रेस ने कर्नल धनीराम शांडिल और भाजपा ने इनके दामाद डा. राजेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। 2017 में यहां रोचक मुकाबला हुआ था। कर्नल धनीराम शांडिल को 26,200 तथा डा. राजेश कश्यप को 25,529 वोट मिले थे। शांडिल ने यह चुनाव 671 वोट से जीता था। प्रदेश की सबसे हाट सीट में यह सीट भी शामिल है।2017 में आइजीएमसी से प्रोफसर की नौकरी छोड़कर भाजपा के उम्मीदवार डा. राजेश कश्यप ने पहली बार चुनाव लड़ा था तथा सोलन में इन्हें कोई ज्यादा जानता भी नहीं था। इसके बाद पांच वर्ष तक डा. कश्यप लोगों से जुड़े रहे और ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा ने विकास कार्य भी करवाए हैं।

वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार कर्नल धनीराम शांडिल कद्दावर नेता हैं और यह उनका तीसरा विधानसभा चुनाव है। वीरभद्र सिंह की सरकार में उन्होंने काफी विकास करवाया है जिसकी वजह से वह 2017 में चुनाव जीते थे। पांच वर्ष में भी शांडिल ने विधायक निधि से विकास करवाने का प्रयास किया है। इसके अलावा यहां पर आम आदमी पार्टी से अंजु राठौर, निर्दलीय अमरदास, बहुजन समाज पार्टी से राजेंद्र चुनाव लड़ रहे हैं।खास बात यह है कि दोनों नेता रिश्ते में ससुर व दामाद हैं। इसलिए दोनों की रिश्तेदारी भी सोलन में ही है। डा. राजेश का कंडाघाट, चायल, झाझा तथा डुमैहर क्षेत्र में अधिक दबदबा माना जा रहा है, जबकि कर्नल धनीराम शांडिल का ओच्छघाट, नौणी, शमरोड़, धारों की धार तथा शामती पंचायत में अच्छा वोट बैंक है। ग्रामीण क्षेत्रों में दोनों नेताओं की अच्छी पकड़ है। हालांकि शहरी क्षेत्र में भाजपा को मेहनत करनी पड़ सकती है।

You missed