सोलन।कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए आज 48 व्यक्तियों के रक्त नमूने केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली भेजे गए हैं। यह जानकारी आज यहां जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने दी।
डॉ. एनके गुप्ता ने कहा कि इन 48 सैंपल में से 37 रक्त नमूने राजस्थान के कोटा से वापिस पहुंचे छात्रों के, 07 रक्त नमूने चंडीगढ़ से आए छात्रों के, 03 रक्त नमूने नागरिक अस्पताल अर्की के तथा एक सैंपल नागरिक अस्पताल नालागढ़ से एकत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि गत दिवस चंडीगढ़ से सोलन पहंुचे छात्रों की 06 विभागीय टीमों द्वारा देर शाम तक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित बनाई गई। इस जांच में स्वस्थ पाए गए छात्रांे को होम क्वारेनटाइन के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इनमें से 07 छात्रों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में निगरानी के लिए रखा गया है। इनकी सैंपल रिपोर्ट आने के उपरांत ही कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को यहां तक लाने वाले प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सोलन जिला से गत दिवस भेजे गए सभी 40 सैंपल की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव प्राप्त हुई है। इनमें से 38 रक्त नमूने केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली तथा 02 रक्त नमूने इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला भेजे गए थे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि जिला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी व झाड़माजरी में आज से एक्टिव केस फाइडिंग अभियान का द्वितीय चरण आरंभ कर दिया गया है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर संभावित कोरोना वायरस संक्रमित रोगियों का पता लगाएगी ताकि इस महामारी पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सके।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 को नियन्त्रित करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर जाएं तथा बिना मास्क के घर से बाहर न निकलेें और सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। उन्होंने कहा कि खांसी, जुखाम, बुखार या सांस लेने में तकलीफ होने पर शीघ्र समीप के स्वास्थ्य संस्थान से सम्पर्क करें। इस सम्बन्ध में किसी भी सहायता के लिए हैल्पलाईन नम्बर 104 तथा दूरभाष नम्बर 221234 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
