शिमला। हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के उपसचिव के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सचिवालय में बाहर के लोगों के के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कल दोपहर बाद जैसे ही मुख्यमंत्री के उप सचिव की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो सचिवालय में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी अपने सारे कार्यक्रमों को रद्द करके सीधा घर के लिए रवाना हो गए।राहत की खबर यह है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके परिवार की रिपोर्ट नेगेटिव है लेकिन अब सचिवालय का स्टाफ इस मुद्दे पर काफी गंभीर हो गया है।
आज सुबह ही सचिवालय को सैनिटाइज किया गया साथ ही आज सचिवालय में बाहर से आने वाले लोगों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। गौरतलब है कि मंडी के जिला मीडिया प्रभारी के संपर्क में आने से मुख्यमंत्री कार्यालय का उपसचिव संक्रमित हो गया। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री और उनका निजी स्टाफ 6 दिन के होम क्वॉरेंटाइन पर रहेगा।
