शिमला। कल से हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में बसों (Bus) का सफर महंगा हो गया है. हाल ही में कैबिनेट मीटिंग (Cabinet Meeting) में हुए बस किराये बढ़ोतरी के फैसले को सरकार ने लागू कर दिया है. ऐसे में अब प्रदेश में गुरुवार से किराया (Bus Fare) बढ़ गया है और अधिसूचना जारी कर दी गई है. सूबे में अब न्यूनतम बस किराया 5 रुपये से बढ़ाकर 7 रुपये कर दिया गया है. जारी अधिसूचना के अनुसार, इसे तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है.न्यूनतम किराया तीन किमी तक लागू होगा.कोरोना काल में आम लोगों के लिए यह बड़ा झटका है. बता दें कि भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में दूसरी बार किराया बढ़ा है. पहले किराया तीन से पांच रुपये किया गया था.
अब पांच से सात रुपये किया गया है. निजी बस संचालक सरकार से 50 फीसदी किराया बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने 25 फिसदी किराया बढ़ाया है.किराया बढ़ोतरी का हिमाचल में चौतरफा विरोध हुआ है. आम जनता से लेकर कांग्रेस, माकपा समेत सभी दलों ने इसका विरोध किया था. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इसके विरोध में खासी प्रतिक्रिया दी थी. हिमाचल में अब ताजा बढ़ौतरी के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में किराया 1 रुपये 75 पैसे से बढ़कर 2 रुपये 18 पैसे प्रतिकिलोमीटर होगा, जबकि मैदानी भागों में 1 रुपये 12 पैसे से बढ़कर 1 रुपये 40 पैसा हो जाएगा.
किराया बढ़ने की अधिसूचना के बाद अब साधारण बसों का पहाड़ी क्षेत्रों में बस किराया प्रति किलोमीटर 2 रूपये 19 पैसे होगा, जो पहले 1 रूपये 75 पैसे था. मैदानी भागों में यह किराया 1 रूपये 40 पैसे होगा जो पहले 1 रूपये 12 पैसे था. वहीं डीलक्स बस का किराया पहाड़ी क्षेत्रों में 2 रूपये 71 पैसे होगा, जो पहले 2 रूपये 17 पैसे था. मैदानी क्षेत्रों में यह किराया 1 रूपये 71 पैसे होगा जो पहले 1 रूपये 37 पैसे था. इसके अलावा वोल्वो का किराया पहाड़ी क्षेत्रों में 4 रूपये 52 पैसे होगा, जो पहले 3 रूपये 62 पैसे था और मैदानी भागों में यह किराया 3 रूपये 42 पैसे होगा जो पहले 2 रूपये 74 था.
