हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राकेश चमन आजटा ने नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस और भाजपा की राजनीति से परेशान आ गई है. ऐसे में अब आम आदमी पार्टी जनता के बीच एक नए विकल्प के तौर पर उभरी है. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पांच-पांच साल की राजनीति का अंत होने जा रहा है.
आम आदमी पार्टी ने आज दोनों ही दलों को शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर बात करने के लिए मजबूर कर दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों दलों को यह बात जनता के बीच कहनी चाहिए कि उन्हें जनता काम के आधार पर वोट करे, लेकिन अभी तक दोनों दल यह हिम्मत नहीं जुटा सके हैं. शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी के प्रत्याशी राकेश चमन आजटा ने कहा कि वे कांग्रेस भाजपा की राजनीति की सफाई करने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं.
आजटा ने कहा कि इसी तरह सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कांग्रेस-भाजपा को सीधी टक्कर दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पांच बड़े मुख्यमंत्री के चेहरों को नकारा है और हिमाचल प्रदेश की जनता भी पंजाब की तर्ज पर ही वोट करने जा रही है. उन्होंने कहा कि वे युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनकर राजनीति में आए हैं और साल 2022 के विधानसभा चुनाव में राजनीति को बदलने जा रहे हैं.
