शिमला| राजधानी में आसमान छू रहे फलों और सब्जियों के दामों से जनता को कुछ राहत मिली है। जनता के साथ-साथ सब्जी-फल बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक आ गई है। पहले जो सब्जी 80 के आस-पास थी, अब 50 रुपए में मिल रही है। दाम घटने के साथ ही सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है।वहीं महंगाई की मार झेल रही आम जनता अब कुछ राहत महसूस कर रही है। सब्जी मंडी में सीजनल सब्जियां आने लगी हैं, जिस वजह से दामों में थोड़ी बहुत कटौती भी देखने को मिल रही है, लेकिन मटर अभी भी 100 के पार ही हैं। मटर की कीमत में कमी न होने का कारण सप्लाई का नहीं आना है।
इतनी कम हुई सब्जियों की कीमतें
फ्रास बीन 40 रुपए, पहले 80 रुपए में मिल रही थी। बैंगन 30 रुपए, पहले 50 रुपए प्रति किलो मिल रहा था। घीया 40 रुपए किलो, पहले रेट 60 रुपए था। शिमला मिर्च 40 रुपए किलो, पहले 50 रुपए थी। टमाटर 30 रुपए, पहले 80 रुपए कीमत थी। मूली 20 रुपए, पहले 40 रुपए दाम थे। अदरक 40 रुपए किलो, पहले 100 रुपए दाम था। पालक 30 रुपए में मिल रही है।
शिमला सब्जी मंडी के प्रधान विशेश्वर नाथ का कहना है कि जब से दामों में कटौती हुई है, लोगों का मंडी में आवागमन शुरू हो गया है। इससे सब्जी बेचने वाले दुकानदार की बोनी हो रही है। पहले जो सब्जी लोग आधा किलो लेकर जाते थे, अब वही सब्जी 3 से 4 किलो ले जा रहे हैं, जिसकी वजह दामों में हुई कटौती है। महंगाई ने कारोबार ठप कर दिया था, अब दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।
