Spread the love

राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। सरकार ने ध्वनिमत से विश्वास प्रस्ताव जीता। विश्वास मत हासिल करने के दौरान हुई बहस में सीएम गहलोत ने केंद्र और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

वहीं, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज सदन के अंदर विश्वास मत को बहुमत से पारित किया गया जो अटकलें लगाई जा रही थीं उन्हें विराम मिला है। पायलट ने आगे कहा कि उन सभी मुद्दों के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है, जो उठाए जा रहे थे। मुझे पूरा विश्वास है, कि रोडमैप की समय पर घोषणा की जाएगी।पायलट ने आगे कहा कि पहले मैं सरकार का हिस्सा था, लेकिन आज नहीं हूं। यह महत्वपूर्ण नहीं है कि यहां पर कौन कहां बैठता है, लेकिन लोगों के दिल और दिमाग में क्या है ये ज्यादा महत्वपूर्ण है। जहां तक बैठने के पैटर्न पर विचार किया जाय तो यह स्पीकर और पार्टी द्वारा तय किया जाता है और मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।

ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे विभाग का हो रहा दुरुपयोग : सीएम गहलोत
इससे पहले विधानसभा में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत गहलोत ने कहा कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे विभाग का क्या देश में दुरुपयोग नहीं हो रहा है? जब आप फोन पर बात करते हैं तो क्या आप दूसरे व्यक्ति से नहीं कहते कि आपको फेसटाइम और वाट्सएप पर ज्वाइन करूंगा? क्या लोकतंत्र में ये अच्छी बात है?

गहलोत ने प्रतिपक्ष नेता कटारिया को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में एक दौर था जब अशोक गहलोत और भैरोसिंह शेखावत के बीच सत्ता-विपक्ष रहने के बाद भी अच्छे संबंध रहे। वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत भी 15 साल में इसी तरह मुख्यमंत्री बने, लेकिन आप लोगों ने ऐसी स्थिति बनाने की कोशिश की है कि जिससे हम लोगों के बीच बातचीत ही ना रहे। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों एक दूसरे के अनुभवों को सरकार चलाने में बांटते हैं, यह राजस्थान की परंपरा रही है, लेकिन अब कुछ लोग इस स्थिति को खत्म करना चाह रहे हैं।

You missed