सोलन : जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में युवक की मंकीपॉक्स जांच के लिए भेजे गए सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी महकमे ने 10 लोगों पर नजर रखी हुई है। इसी के साथ शरीर में कोई दाग या जख्म होने के बारे में भी पूछा जा रहा है। अगर इन लोगों के आगामी एक सप्ताह में मंकीपॉक्स के लक्षण आते हैं तो इनके सैंपल लिए जाएंगे। एक सप्ताह तक इन 10 लोगों पर नजर बनाई जाएगी। ये वे लोग है जो युवक के प्राथमिक संपर्क में थे।

वहीं कोरोना के मंकीपॉक्स के बढ़ते खतरे को लेकर भी विभाग अलर्ट है। इसी के साथ लोगों को शरीर में दाग, जलन और बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने का आग्रह किया है। हालांकि वर्तमान में प्रदेश में कोई भी मंकीपॉक्स का मामला नहीं है। बीते दिनों बद्दी से युवक के भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट भी आ गई है। लेकिन बाहरी देशों में तेजी से बढ़ते मंकी पॉक्स के मामले को लेकर चिंता सता रही है। इसे देखते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस दी है। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की खेप भी पूरी कर दी है। जबकि अस्पतालों में आने वाले चर्म रोगियों को बचाव की सलाह दी जा रही है। वहीं गांव में पशुपालन का कार्य करते है उन लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि बद्दी से मंकीपॉक्स सैंपल की रिपोर्ट को बीते दिनों निगेटिव आ चुकी है। हालांकि महकमे ने युवक के संपर्क में आने वाले 10 लोगों पर एहतियाती तौर पर नजर बनाई हुई है। रोजाना उनसे स्वास्थ्य के बारे में पूछा जाता है। इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। लोगों को इसके बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है। जागरूक करने के लिए टीमें बना दी गई है।

ऐसे होती है संक्रमण की शुरुआत
मंकी पॉक्स के लक्षण संक्रमण के 5वें दिन से 21वें दिन तक आ सकते हैं। शुरुआती लक्षण फ्लू जैसे होते हैं। इनमें बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमर दर्द, कंपकंपी छूटना, थकान और सूजी हुई लिम्फ नोड्स शामिल हैं। इसके बाद चेहरे पर दाने उभरने लगते हैं, जो शरीर के दूसरे हिस्सों में भी फैल जाते हैं। संक्रमण के दौरान यह दाने कई बदलावों से गुजरते हैं। आखिर में चेचक की तरह ही पपड़ी बनकर गिर जाते हैं। यह चेहरे और हाथों की हथेलियों और पैरों के तलवों को ज्यादा प्रभावित करता है।

You missed