शिमला| हिमाचल प्रदेश के मंडी में प्रधानमंत्री की 27 दिसम्बर को भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर मंडी आने पर सूबे के हज़ारों टैक्सी ऑपरेटर काले झंडे दिखाकर उनका विरोध करेंगे। इसके अलावा टैक्सी ऑपरेटर पीएम की मंडी रैली के लिए अपनी सेवाएं प्रदान नहीं करेगी। ये ऐलान देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने किया है। यूनियन के संस्थापक नरेंद्र ठाकुर ने आज शिमला में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है। टैक्सी चालक पिछले दो साल से कोविड का दंश झेल रहे हैं। कोरोना महामारी के दौर में टैक्सी चालकों के साथ सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है। हमारी खड़ी टैक्सियों से परमिट समेत कई तरह के टेक्स की वसूली की गई है। आज हालत ऐसे हैं कि टैक्सी चालक कर्ज़ में डूबे हैं और टैक्सियों की किश्तें तक नहीं दे पा रहे हैं।उन्होंने कहा कि टैक्सी ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री और प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं, लेकिन हमें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।
बीते 13 दिसम्बर को टैक्सी ऑपरेटरों ने अपनी मांगों को लेकर धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया था। तब कैबिनेट मंत्री सिंह ने उन्हें अगली कैबिनट बैठक में मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था। लेकिन पिछली कैबिनेट में उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि 27 दिसम्बर को जब प्रधानमंत्री मंडी आएंगे तो उनकी यूनियन के बैनर तले प्रदेश भर से हज़ारों टेक्सी ऑपरेटर मंडी में जुटेंगे, जहां प्रधानमंत्री का काले झंडे व बिल्ले के साथ स्वागत किया जाएगा।उन्होंने कहा कि उनकी 2 साल साल के टैक्सी परमिट को आगे बढ़ाने की मुख्य मांग की सरकार लगातार अनदेखा कर रही है। राज्य सरकार ने टेक्सी ऑपरेटरों की सिंगल विंडो की सुविधा देने की आड़ में पैसेंजर और अन्य टैक्सों को कई गुणा बढ़ा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार मनमर्जी से टैक्स बढाकर टैक्सी ऑपरेटरों को आय का एक साधन मान रही है।
