मंडी। जिला के छोटा भंगाल इलाके में खेत में काम कर रही महिला पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बरोट में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को टांडा मेडिकल रैफर किया है। जानकारी के अनुसार बैजनाथ उपमंडल की मुल्थान तहसील के अंतर्गत आने वाली लोआई पंचायत के गांव रोपडू की 42 वर्षीय संजू देवी पत्नी रूप लाल जो कि अपने ही पति के साथ गांव के समीप ही शेगल नामक स्थान पर अपने खेत में काम कर रही थी।
इस दौरान बुधवार दोपहर बाद लगभग तीन बजे पहले से ही घात लगाए बैठे जंगली भालू ने अचानक ही संजू देवी पर हमला बोल दिया। भालू के हमले से उसके सिर तथा मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। रूप लाल के शोर मचाने के बाद वह जंगली भालू वहां से भाग गया। उसके बाद रूप लाल ने गांववासियों की मदद से घायल संजू देवी को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। उसके बाद उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र बरोट लाया गया।
सामुदायिक स्वास्थय केंद्र बरोट की प्रभारी डॉ. स्वास्तिका ने बताया कि भालू के हमले से संजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गई है तथा उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे टांडा मेडिकल अस्पताल को रैफर कर दिया है। बता दें कि छोटा भंगाल तथा चौहार घाटी में लगभग एक दशक से जंगली भालुओं का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक दशक के बीच इन दोनों घाटियों में भालूओं के हमले से घाटियों के लोग बेमौत ही मौत के घाट उतर गए तथा कई ताउम्र के लिए अपंगता का दंश झेलने को भी मजबूर हो गए है।
